बैतूल , जून 22 -- कृषि क्षेत्र में रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देने और किसानों को प्राकृतिक कृषि की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा द्वारा सोमवार को मासोद स्थित अंबेडकर भवन में जैविक खेती कार्यशाला एवं किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर जैविक एवं प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिक डॉ. मेघा तिवारी, सुरेंद्र पराते तथा कृषि विज्ञान अधिकारी आर.डी. बारपेटे ने किसानों को जैविक खेती के महत्व, मिट्टी की उर्वरता संरक्षण, खेती की लागत कम करने और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान किसानों को रसायन मुक्त खेती का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री अशोक पांसे तथा जिला अध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण एवं कृषि विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाले प्रगतिशील कृषकों पंढरीनाथ पाटणकर, भगवान पंडाग्रे, गुणवंत कडू झपटे और विश्वनाथ साहू का सम्मान किया गया। अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे किसान ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि के नए मानक स्थापित कर रहे हैं और अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन भास्कर मगरदे ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष विजय घोड़की ने व्यक्त किया। अंत में किसानों ने प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित