रांची , अप्रैल 29 -- झारखंड पुलिस मुख्यालय ने बिना पूर्व सूचना या अनुमति के अपने-अपने वाहिनी मुख्यालय छोड़ने के आरोप में जैप, आईआरबी और एसआईआरबी के पांच कमांडेंट से स्पष्टीकरण मांगा है।

यह कार्रवाई जैप के डीआईजी एस. कार्तिक की रिपोर्ट के आधार पर की गई है। मुख्यालय के आईजी ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। पुलिस मुख्यालय से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, जिन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें जैप-5, जैप-8, जैप-9, आईआरबी-9 और एसआईआरबी-2 के कमांडेंट शामिल हैं। सभी अधिकारियों से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि उन्होंने किन परिस्थितियों में अपने-अपने मुख्यालय को छोड़ा।

अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, दो दिन पहले पुलिस मुख्यालय को सूचना मिली थी कि कुछ जिलों के एसपी और जैप-आईआरबी के कमांडेंट बिना अनुमति रांची या अन्य जिलों में चले जाते हैं। इसको अनुशासनहीनता मानते हुए मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाया है और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई शुरू की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित