मुरैना , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश के मुरैना स्थित बड़े जैन मंदिर से चोरी हुए चांदी के छत्र को पुलिस ने बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ किलोग्राम वजन का चांदी का छत्र बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इसी माह आगरा निवासी शैलेश वर्मा मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ प्रवेश कर गया था। श्रद्धालुओं की नजरों से बचकर उसने मंदिर से चांदी का छत्र चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी शैलेश वर्मा को आगरा से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया चांदी का छत्र बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगरा में चोरी सहित आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित