चंडीगढ़ , मई 29 -- हरियाणा में जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए फरीदाबाद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक को छोड़कर सभी स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 जून 2026 कर दी है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा विज्ञान, प्रबंधन, कंप्यूटर अनुप्रयोग, मीडिया अध्ययन, पर्यावरण विज्ञान और कला सहित विभिन्न विषयों में प्रमाणपत्र, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की ऑफलाइन काउंसलिंग 15 जुलाई 2026 से संबंधित विभागों में शुरू होगी। विभागवार मेरिट सूची और काउंसलिंग कार्यक्रम 10 से 14 जुलाई के बीच विश्वविद्यालय की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर जारी किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में आवेदन तिथि बढ़ाई गई है ताकि अधिक से अधिक छात्र गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकें।

इस सत्र से विश्वविद्यालय ने कंप्यूटर साइंस एंड एप्लाइड मैथेमेटिक्स में बीटेक, डेटा साइंस में बीसीए, पर्यावरण विज्ञान में बीएससी और अंग्रेजी में बीए जैसे नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षाएं एक से चार जुलाई तक आयोजित होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित