ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार को पुलिस मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी की पहचान शानू उर्फ शान मोहम्मद निवासी जहांगीरपुर, जेवर के रूप में हुई है।
अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी सात अक्टूबर को इमरान की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में वांछित था। अलीगढ़ के रोरावर थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, जेवर थाना पुलिस की टीम सोमवार को जफरगढ़-चांचली रोड के पास जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित