वाराणसी , अक्टूबर 09 -- कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखे जाने के निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता को नाम नहीं, काम चाहिए। सरकार को नामकरण के बजाय बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
श्री राय ने कहा कि अहमदाबाद के क्रिकेट स्टेडियम का नाम पहले ही नरेंद्र मोदी स्टेडियम रखा जा चुका है। ऐसे में जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री के नाम पर रखने से आम जनता को क्या लाभ होगा। नामकरण से न तो युवाओं को रोजगार मिलेगा और न ही महंगाई से परेशान परिवारों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक पैमाना रोजगार के अवसर, किसानों को उपज का उचित मूल्य, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और शिक्षा की गुणवत्ता है। सरकार को इन मुद्दों पर ठोस कदम उठाने चाहिए। सार्वजनिक संस्थानों के नामकरण में देश की ऐतिहासिक विरासत, क्षेत्रीय पहचान और जनभावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
श्री राय ने चुनावी प्रक्रिया का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है। कांग्रेस लगातार वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं के आरोप उठा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों का जवाब तथ्यों और पारदर्शिता के माध्यम से दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। जहां अनियमितताओं के प्रमाण हों, वहां निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी। देश किसी एक व्यक्ति से बड़ा है और लोकतंत्र में जनता तथा जनहित सर्वोपरि हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित