फरीदाबाद , जून 04 -- हरियाणा में फरीदाबाद के पन्हेरा खुर्द क्षेत्र में गुरुवार को जेवर एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर काम कर रही एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे कई मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेन फ्लाईओवर निर्माण के लिए गार्डर उठाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह काम कर रहे मजदूरों पर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में तीन से चार मजदूरों के क्रेन के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान चलाकर क्रेन के नीचे फंसे मजदूरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित