छिंदवाड़ा , सितंबर 14 -- मध्यप्रदेश में जेल से जमानत पर बाहर आते ही चोरी की वारदात करने वाले आरोपी को छिंदवाड़ा देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब एक लाख 28 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध मोहखेड़ और सौसर थाना क्षेत्रों में पहले से चोरी, मारपीट और जुआ सहित अन्य मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार पौआमा चौक स्थित श्री कुंज वाटिका निवासी विशाल ठाकुर (25) ने 13 सितंबर को देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर को उसकी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी28 एमजेड 4118 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 552/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की।
पुलिस को 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कम कीमत में मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर देहात पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गणेश पिता बाबूलाल कुमरे (28), निवासी बीसापुरकला, थाना मोहखेड़ के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने काराबोह डेम के पास एक खंडहर में झाड़ियों के बीच चोरी की दो मोटरसाइकिल छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टीवीएस अपाचे एमपी28 एमजेड 4118, जिसकी कीमत करीब 78 हजार रुपये है, तथा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की यामा कंपनी की मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, बरामद की। दोनों वाहनों की कुल कीमत एक लाख 28 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार आरोपी गणेश कुमरे के विरुद्ध मोहखेड़ और सौसर क्षेत्र में पहले से चोरी, मारपीट और जुआ के मामले दर्ज हैं। वह मोहखेड़ थाने के चोरी के एक मामले में जेल गया था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने आरोपी को 14 सितंबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड मांगा है।
कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उप निरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ सिंह बघेल, सूरज सिंह चौहान, शेर सिंह तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक नितिन और आरक्षक आदित्य की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित