कोटा , जुलाई 29 -- राजस्थान में कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाै आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात बदमाश नरेश मीणा को उसकी साथी काजल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बुधवार को बताया कि थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष दल ने मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद नरेश मीणा और उसकी साथी काजल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, एक लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी और नकबजनी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है।

उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को आरोपी नरेश मीणा ने एक घर से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और नकदी चोरी की थी। उसकी जांच के बाद पुलिस उस तक पहुंची और चोरी का सामान बरामद कर लिया।

जांच में सामने आया कि नरेश मीणा के खिलाफ कोटा शहर, कोटा ग्रामीण, बारां और झालावाड़ में छेड़छाड़, दुष्कर्म, चोरी, नकबजनी, गोलीबारी और अवैध हथियार रखने जैसे नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 में जेल से रिहा होने के बाद वह अपनी साथी काजल के साथ कोटा में किराये के मकान में रहने लगा। आर्थिक तंगी और बेरोजगारी के चलते उसने फिर से मोटरसाइकिल चोरी, घरों में नकबजनी, मंदिरों में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करना शुरू कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित