पटना, मार्च 16 -- जेल में बंद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने सोमवार को बिहार से राज्यसभा के पांच सीटों के द्विवार्षिक चुनाव में मतदान किया।
विधायक श्री सिंह ने राज्यसभा चुनाव के लिए आज आयोजित मतदान में भाग लेने के लिए अदालत से इजाजत ली थी। उसी सिलसिले में कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें पुलिस कस्टडी में विधानसभा परिसर लाया गया, जहां उन्होंने राज्यसभा चुनाव में मतदान किया।
मतदाता के बाद बाहुबली विधायक ने कहा कि सभी पांच सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की जीत होगी।
विधायक श्री सिंह बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान हुई जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में मतदान की अनुमति के लिए अदालत में याचिका दायर की थी और अनुमति मिलने के बाद वह मतदान में भाग लेने आये थे। मतदान के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बिहार से आज हो रहे राज्यसभा चुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के दो-दो उम्मीदवार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक-एक उम्मीदवार मैदान में हैं।
भाजपा ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीनऔर शिवेश राम, जदयू की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश और रामनाथ ठाकुर मैदान में हैं, जबकि राजग के पांचवे उम्मीदवार राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा हैं। विपक्ष के प्रतिनिधि के रूप में महागठबंधन ने अमरेंद्र धारी सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।
उल्लेखनीय है कि बिहार से राज्यसभा की पाँच सीटें खाली हो रही हैं, जिनमे जदयू के रामनाथ ठाकुर और हरिवंश नारायण सिंह, राजद के अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के नाम शामिल हैं।
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा और मतगणना के बाद आज ही परिणामों की घोषणा की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित