कपूरथला , मई 24 -- पंजाब में कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने रविवार को कहा कि मॉडर्न जेल में शनिवार शाम कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद हालात पर काबू पा लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बताया कि शनिवार रात करीब 8:30 बजे जेल परिसर के अंदर दो गुटों के कैदियों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। जेल अधिकारियों ने शुरुआत में कैदियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ कैदियों द्वारा जेल स्टाफ पर हमला करने और जेल परिसर में तोड़फोड़ किये जाने के बाद स्थिति बिगड़ गयी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक करीब 200 से 250 कैदियों ने जेल के अंदर हंगामा किया, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और जेल की घेराबंदी वाली दीवार पर चढ़ने की कोशिश की। कुछ कैदियों ने बैरकों के अंदर अपने सामान को आग भी लगा दी, जिससे जेल परिसर में तनाव और बढ़ गया।

श्री तूरा ने कहा कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए जेल प्रशासन ने एहतियातन हवाई फायरिंग की। हालात संभालने के लिए कपूरथला, होशियारपुर और जालंधर जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस कर्मियों ने कैदियों को वापस बैरकों में पहुंचाया और किसी भी फरारी की कोशिश को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि हिंसा के दौरान तीन कैदी घायल हो गये, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद किसी अन्य घायल होने की सूचना नहीं मिली।

बाद में पुलिस उप महानिरीक्षक जालंधर रेंज, नवीन सिंगला ने कहा कि जेल के अंदर हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और कोई भी कैदी फरार नहीं हुआ है। सभी कैदियों की गिनती करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित