पन्ना , अक्टूबर 26 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज पन्ना पहुंचकर केन-बेतवा परियोजना के विरोध में आंदोलन के सिलसिले में करीब 26 दिनों से जेल में बंद दिव्या अहिरवार से मुलाकात की और उनके संघर्ष के प्रति एकजुटता व्यक्त की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी रणविजय सिंह लोचव भी उपस्थित रहे।
श्री पटवारी ने भाजपा सरकार पर आदिवासियों के साथ अन्याय और दमन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अपने अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठाने वालों को जेल में डालकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। केन-बेतवा परियोजना को लेकर अपने हक की लड़ाई लड़ रही दिव्या अहिरवार का करीब 26 दिनों से जेल में बंद रहना चिंताजनक है। उन्होंने छोटे बच्चों को भी जेल में डालने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे सरकार की संवेदनहीनता का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि पन्ना और छतरपुर के आदिवासियों के अधिकारों की अनदेखी और उनकी जमीन छीनने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विकास के नाम पर आदिवासी समुदाय के हितों, जमीन और भविष्य की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। किसी भी परियोजना के नाम पर प्रभावित लोगों के अधिकारों और उनकी आवाज को दबाना न्यायसंगत नहीं है।
श्री पटवारी ने कहा कि जेल की सलाखें आदिवासियों के संघर्ष और उनके अधिकारों की आवाज को कैद नहीं कर सकतीं। कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के हक, सम्मान और न्याय के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा और उनके साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित