अलवर , जुलाई 22 -- राजस्थान में अलवर के केंद्रीय कारागृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गयी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर जेल की बाहरी दीवार के ऊपर बिजली के तारों में एक संदिग्ध सफेद थैली फंसी मिली। जब जेल प्रशासन ने उसे नीचे उतरवाकर जांच की तो उसमें पांच कीपैड मोबाइल फोन, पांच डेटा केबल, 14 कुबेर तंबाकू के पाउच और 14 बीड़ी के बंडल बरामद हुए।

प्रतिबंधित सामग्री मिलने के बाद जेल प्रशासन ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है।

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे हल्का नंबर-2 के इंचार्ज मुख्य प्रहरी अमरचंद शर्मा गश्त पर थे। इसी दौरान उत्तर दिशा की मुख्य चारदीवारी के ऊपर बिजली के तारों में एक सफेद थैली लटकी दिखाई दी। सूचना मिलने पर कारापाल पवन डउकिया और प्रहरी सुरेश सामोता मौके पर पहुंचे। सीढ़ी की मदद से थैली उतारी गयी। थैली में मिले सभी सामान को जब्त करके सीलबंद कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि यह प्रतिबंधित सामग्री जेल के भीतर बंदियों तक पहुंचाने के लिए बाहर से फेंकी गयी थी, लेकिन निशाना चूकने से थैली बिजली के तारों में फंस गयी। पुलिस ने कारागार (संशोधन) अधिनियम-2015 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि सामग्री किसने फेंकी और इसे किस बंदी तक पहुंचाया जाना था।

अलवर केंद्रीय जेल में कैदियों तक मोबाइल और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पहुंचने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल के वर्षों में कई बार मोबाइल, नशे का सामान और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा। इसमें जेल के कर्मचारियों की मिलीभगत की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित