चंडीगढ़ , सितंबर 6 -- हरियाणा के सहकारिता, पर्यटन, कारागार एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि प्रदेश की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से और मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अंबाला जेल में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई टावर हार्मोनिक्स कॉल ब्लॉकिंग प्रणाली ने अवैध मोबाइल फोन के जरिए कॉल और इंटरनेट के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने में सफलता हासिल की है। सकारात्मक परिणामों के बाद अब इसे अन्य जेलों में लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि जेलों में अवैध मोबाइल फोन का इस्तेमाल रोकना विभाग की प्राथमिकता है। मोबाइल फोन बरामद करने के साथ-साथ उसके इस्तेमाल की संभावना को समाप्त करना अधिक प्रभावी उपाय है। इसी उद्देश्य से आधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है और जेलों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि टावर आधारित प्रणाली में पारंपरिक मोबाइल जैमर लगाने की आवश्यकता नहीं होती। जेल परिसर में विशेष टावर स्थापित कर लक्षित तरीके से मोबाइल सेवाओं को नियंत्रित किया जाता है। इससे पूरे क्षेत्र के मोबाइल नेटवर्क को बाधित किए बिना जेल परिसर में अवैध फोन के इस्तेमाल पर अंकुश लगाया जा सकता है।

अंबाला जेल में इस तकनीक के नेटवर्क कवरेज, कार्यप्रणाली और अवैध मोबाइल के इस्तेमाल को रोकने की क्षमता का परीक्षण किया गया। इसके संतोषजनक परिणाम सामने आने के बाद अन्य जेलों में भी तकनीकी परिस्थितियों और आवश्यकता का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित