निवाड़ी , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत नगर परिषद जेरोन खालसा के अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने की प्रक्रिया (राइट टू रिकॉल) के संचालन के लिए मतदान दल का एक दिवसीय प्रशिक्षण शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य मास्टर ट्रेनर डॉ. ऋषिकेश राजपूत ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतदान की वैधानिक और व्यावहारिक प्रक्रिया की जानकारी दी। मतदान दिवस की पूर्व संध्या पर की जाने वाली तैयारियों से लेकर मतदान समाप्ति के बाद ई-सील और आवश्यक प्रपत्र जमा करने तक की प्रक्रिया समझाई गई।
प्रशिक्षण में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। मतदान अधिकारियों को कंट्रोल यूनिट (सीयू) और बैलेट यूनिट (बीयू) को केबल से जोड़ने, मशीन चालू और बंद करने, मॉक पोल कराने, डेटा क्लीयर करने तथा मतदान समाप्ति के बाद क्लोज, रिजल्ट और क्लीयर (सीआरसी) बटन के सही उपयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मतदान के दौरान सामने आने वाली संभावित तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी बताया गया।
प्रशिक्षण में जिला स्तरीय दक्ष मास्टर ट्रेनर अमित पांडे, संकल्प साहू, शुभम तिवारी और व्ही.के. पुरोहित मौजूद रहे। सभी मास्टर ट्रेनरों ने मतदान अधिकारियों के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता तथा निष्पक्षता के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित