रांची , जुलाई 29 -- झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते से सीआईडी ने लगातार दूसरे दिन भी लंबी पूछताछ की।
बुधवार को सीआईडी मुख्यालय में उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई। जांच एजेंसी ने उन्हें 31 जुलाई को एक बार फिर तलब किया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सीआईडी ने एल खियांग्ते को निर्देश दिया है कि वे 31 जुलाई को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों। माना जा रहा है कि जांच एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।
ज्ञातव्य है कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बीच एल खियांग्ते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उस समय उन्होंने कहा था कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने यह निर्णय लिया है।
वहीं, हाल के दिनों में दिए गए कई साक्षात्कारों में एल खियांग्ते ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में सभी प्रक्रियाओं का पालन किया। इधर, सीआईडी मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और दस्तावेजों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों से भी पूछताछ का सिलसिला जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित