रांची , अगस्त 07 -- झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी आज विपक्षी पार्टियों ने जेपीएससी और जेएसएससी को लेकर प्रदर्शन किया।
तख्ती और बैनर लेकर प्रदर्शन करने वालों में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, राज सिन्हा, शशि भूषण मेहता, डॉ नीरा यादव, मंजू देवी, अमित यादव, प्रदीप प्रसाद, आजसू विधायक निर्मल महतो, आजसू विधायक निर्मल महतो शामिल थे।
नेता प्रतिपक्ष श्री मरांडी ने कहा कि जब तक झामुमो-कांग्रेस सरकार जेपीएससी और जेएसएससी मामलों की सीबीआई जांच का आदेश नहीं देती, तब तक विपक्ष सरकार को चैन से नहीं बैठने देगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्रों को न्याय दिलाने के लिए भाजपा का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक लगातार जारी रहेगा।
भाजपा विधायक डॉ नीरा यादव ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर पिछले लगभग 13 - 14 दिनों से इस भारी बारिश में संघर्ष कर रहे हैं, आंदोलन पर है.... छात्रों के द्वारा वार्ता के लिए कमेटी बनाकर भेज दी गई है ,बावजूद इसके सरकार छात्रों से वार्ता करने के बजाय टालमटोल कर रही है और यह दर्शाता है कि सरकार छात्रों को लेकर कितनी असंवेदनशील है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मंत्री डॉ इरफान अंसारी के पेपर लीक नहीं होने वाले दिए बयान पर डॉ नीरा यादव ने कहा वे कभी एग्जाम में बैठे हैं जो उन्हें पेपर लीक का दर्द पता चलेगा। भारतीय जनता पार्टी छात्रों के संघर्ष में उनके साथ है, सरकार को छात्रों की मांग माननी पड़ेगी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मंत्री हाफिजुल अंसारी ने कहा कि सरकार छात्रों के साथ है। सरकार जांच कर रही है। जो भी दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। छात्र तो 12 दिनों से प्रदर्शन कर रहें जबकि सरकार इस पर जांच पहले से ही कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित