रांची , जुलाई 30 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है।
श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हजारों छात्र सड़कों पर उतरकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं। लेकिन हेमंत सोरेन का इस्तीफा मांगने की बजाय राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अरविंद केजरीवाल खामोश हैं। अगर सचमुच इन्हें छात्रों के भविष्य की चिंता होती, तो सत्ता और विपक्ष का भेद किए बिना हर परीक्षा विवाद पर समान रूप से आवाज़ उठाई जाती। इनका छात्र विरोधी चेहरा उजागर हो चुका है।
श्री मरांडी ने कहा कि रांची में आंदोलन कर रहे युवा सिर्फ अपने अधिकारों के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस संघर्ष के साथ राज्य की 4 करोड़ जनता की भावनाएं और समर्थन जुड़ा हुआ है।उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल जेपीएससी में पदस्थापित सभी संबंधित सदस्यों को पदमुक्त करे और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों को जेल भेजे। जेपीएससी परीक्षा कराने वाली एजेंसी के लोग पहले खुद सरकारी नौकरी में ज्वाइनिंग ले चुके थे। राज्य सरकार के कई पदों पर पदस्थापित थे और मुख्यमंत्री के संरक्षण में सीटें बेचने का काम करते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित