, July 23 -- रांची, 23 जुलाई झारखंड में नीट पेपर लीक और जेपीएससी भर्ती में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है।
जहां बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने जेपीएससी और कथित भर्ती घोटालों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया था। अब इसके जवाब में कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। दोनों प्रमुख दलों के आमने-सामने आने की संभावना को देखते हुए राजधानी रांची स्थित भाजपा कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
कांग्रेस के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम की सूचना मिलते ही रांची जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में आ गए हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। कार्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय से होकर गुजरने वाली प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। प्रदर्शनकारियों की आवाजाही को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। यातायात व्यवस्था को भी जरूरत के अनुसार डायवर्ट करने की तैयारी की गई है।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता पहले हरमू मैदान में एकत्र होंगे। इसके बाद वे जुलूस की शक्ल में पैदल मार्च करते हुए प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे, जहां घेराव और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि वह छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों, विशेषकर नीट पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की हिंसा, तोड़फोड़ या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भाजपा और कांग्रेस के लगातार विरोध-प्रदर्शनों के कारण राजधानी रांची का सियासी माहौल गरमा गया है। दोनों दल एक-दूसरे पर भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित