नयी दिल्ली , जून 12 -- श्रम एवं रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने स्विट्जरलैंड के जेनेवा में आयोजित 114वें अंतराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन के दौरान वैश्विक सामाजिक न्याय गठबंधन के समन्वय समूह की बैठक में भाग लिया और इसके उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अनुसार भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहीं सुश्री करंदलाजे ने 11 जून को आयोजित इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के महानिदेशक तथा बंग्लादेश, मालदीव, ब्राजील और स्विट्जरलैंड के श्रम मंत्रियों, बेल्जियम के उप मंत्री तथा अन्य प्रमुख भागीदारों से मुलाकात की।
मंत्रालय के अनुसार 2023 में आईएलओ द्वारा स्थापित वैश्विक सामाजिक न्याय गठबंधन बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और राजनीतिक प्रतिबद्धताओं को ठोस कार्रवाई में बदलने के उद्देश्य से बनाया गया एक बहु-हितधारक मंच है। यह विभिन्न भागीदारों के बीच सामंजस्य, समन्वय और दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बैठक के दौरान भारत ने आईएलओ, विभिन्न सरकारों, नियोक्ताओं एवं श्रमिक संगठनों तथा अन्य हितधारकों के साथ मिलकर गठबंधन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित