नयी दिल्ली , मई 15 -- केंद्र सरकार बीमा क्षेत्र की कंपनी जेनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन में अपनी पांच प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचेगी।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजारों को बताया कि गैर-खुदरा निवेशकों के लिए उसका ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) 16 जून को खुलेगा जबकि खुदरा निवेशक 17 जून को बोली लगा सकेंगे।
गैर-खुदरा निवेशकों में संस्थागत और बड़े निवेशक शामिल होते हैं।
मूल रूप से 3,50,88,000 इक्विटी शेयर बिक्री के लिए रखे गये हैं जो कंपनी के पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयरों का दो प्रतिशत है। इसके अलाव ज्यादा बोली मिलने पर 5,26,32,000 (तीन प्रतिशत) तक अतिरिक्त इक्विटी शेयरों की बिक्री का विकल्प भी रखा गया है।
ओएफएस के तहत कम से कम 25 प्रतिशत शेयर म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों के लिए आरक्षित रखे गये हैं। साथ ही 10 प्रतिशत शेयर खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित रखे गये हैं।
प्रति इक्विटी शेयर न्यूनतम मूल्य 352 रुपये रखा गया है। कंपनी के शेयर आज 9.65 रुपये (2.55 प्रतिशत) चढ़कर 388.35 रुपये पर बंद हुए।
उल्लेखनीय है कि कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 31 मार्च 2026 को 82.40 प्रतिशत थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित