रायपुर , सितंबर 28 -- जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जेट्रो) ने अपनी वेबसाइट पर छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और औद्योगिक अवसरों से संबंधित जानकारी को स्थान दिया है। छत्तीसगढ सरकार का मानना है कि इससे जापानी कंपनियों तक राज्य में उपलब्ध औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश योग्य भूमि और नीतिगत प्रोत्साहनों की जानकारी पहुंचने में मदद मिलेगी।

सोमवार को आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह पहल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगस्त 2025 में जापान और दक्षिण कोरिया की निवेश यात्रा के दौरान स्थापित संपर्कों तथा उसके बाद जेट्रो के साथ जारी संवाद की अगली कड़ी है। मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान जेट्रो के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाने और जापानी कंपनियों को राज्य में निवेश के अवसरों से जोड़ने पर चर्चा हुई थी।

इसके बाद जेट्रो के प्रतिनिधिमंडल ने 28 और 29 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ का दौरा कर राज्य के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र, उपलब्ध अधोसंरचना और निवेश संभावनाओं का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण भी किया।

प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-22 में करीब 120 एकड़ में विकसित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का अवलोकन किया। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से अनुमोदित इस क्लस्टर में प्लग-एंड-प्ले फ्लैटेड फैक्ट्री सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रेज्यूट इलेक्ट्रॉनिक्स, अरहम टेक्नोलॉजीज, अमृत मेडिटेक और परिपथ टेक्नोलॉजीज की इकाइयों के प्रतिनिधियों से चर्चा की।

जेट्रो दल ने सेक्टर-22 स्थित फार्मास्युटिकल पार्क के साथ सेक्टर-5 के रेडीमेड गारमेंट पार्क और मिक्स्ड-यूज इंडस्ट्रियल पार्क का भी निरीक्षण किया। यहां एस्पायर फार्मा के प्रतिनिधियों से संवाद किया गया। इसके अलावा टेक्सटाइल पार्क में वस्त्र एवं परिधान निर्माण के लिए विकसित सुविधाओं की जानकारी ली गई।

प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर में आवासीय क्षेत्रों के साथ स्वास्थ्य, रिटेल और सामाजिक अधोसंरचना का भी जायजा लिया। राज्य सरकार के अनुसार अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उनके कर्मचारियों के लिए उपलब्ध इन सुविधाओं को भी निवेश आकर्षित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जेट्रो प्रतिनिधिमंडल ने वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार के साथ बैठक की। इसमें राज्य की औद्योगिक नीति, विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं और जापानी कंपनियों के लिए निवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के उपायों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के छत्तीसगढ़ चैप्टर के प्रतिनिधियों से भी राज्य के औद्योगिक परिदृश्य को लेकर संवाद किया।

जेट्रो प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने वर्चुअल बैठकों और पत्राचार के माध्यम से संपर्क जारी रखा। इस दौरान प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों, निवेश के लिए उपलब्ध भूमि और नीतिगत प्रोत्साहनों से संबंधित जानकारी जेट्रो के साथ साझा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित