जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में जवाहर कला केन्द्र (जेकेके) एवं पर्यटन, कला संस्कृति विभाग की सहभागिता में प्रदेश के लोक रंगों का सबसे बड़ा उत्सव 'लोक कला संगम-2026: राजस्थान रै लोकरंग रो उजास' का आयोजन 20 से 22 फरवरी तक किया जायेगा।

राज्य के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने बुधवार को इस लोक कला संगम कार्यक्रम के पोस्टर का लोकभवन में विमोचन किया। इसी के साथ जेकेके के शिल्प ग्राम एवं कृष्णायन सभागार में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय लोक कला संगम की तैयारियों भी तेज हो गई।

इस कार्यक्रम में राजस्थान के ढूंढाड़, शेखावाटी एवं ब्रज क्षेत्र के राजस्थानी 400 लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां एक साथ एक मंच पर देख सकेंगे। जिसमें बम रसिया, चकरी नृत्य, लांगुरिया, भपंग वादन, कठपुतली चंग धमाल,भवाई, तेरहताली, जयपुर का तमाशा आदि का जादू चलेगा। मेले के रूप में आयोजित इस भव्य आयोजन में राजस्थानी मांडने, रंगोली, कठपुतली, कच्ची घोड़ी, बहुरुपिया आदि लोक कलाकारी का भी दर्शक आनन्द उठा सकेंगे। इसमें प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लोक संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा दो सत्रों में बौद्धिक विमर्श संवाद कार्यकम 'लोक चौपाल' भी आयोजित किया जाएगा। इसमें हस्तशिल्प और कला की भव्य प्रदर्शनी भी लगेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित