नई दिल्ली , जून 4 -- स्टार्टअप कंपनियों में शुरुआती चरण का निवेश करने वाली वेंचर कैपिटल फर्म जेएसडब्ल्यू वेंचर्स ने फंड-3 को प्रस्तुत करने से पहले अपनी नेतृत्व-टीम को मजबूत करते हुए विभिन्न उद्योगों का लम्बा अनुभव रखने वाले प्रबंधक तथा उद्यमी विकास चांडक को पार्टनर नियुक्त किया है।
जेएसडब्ल्यू वेंचर्स में वह फंड की निवेश रणनीति, पूंजी जुटाने, निवेश, पोर्टफोलियो प्रबंधन तथा फिनटेक और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी क्षेत्र की निवेश प्राप्त कंपनियों से निकलने (एग्जिट) से जुड़े कार्यों की संयुक्त जिम्मेदारी संभालेंगे।
कंपनी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्री चांडक के पास कंज्यूमर, फिनटेक और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी क्षेत्रों में दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कई व्यवसायों को स्थापित करने, उनका विस्तार करने और उनके पुनर्गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए करने वाले विकास ने क्रेड, एतिहाद और आईसीआईसीआई बैंक जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ काम किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित