रांची , अगस्त 17 -- झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल नियुक्ति परीक्षा में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बीच सोमवार को सीआईडी की टीम ने रांची स्थित जेएसएससी कार्यालय में दबिश दी।

टीम ने आयोग कार्यालय में संबंधित दस्तावेजों की जांच की और जेएसएससी के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की। वहीं, सीआईडी की एक अन्य टीम द्वारा सचिव के आवास पर भी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। छात्र करीब 24 दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे हैं। अभ्यर्थी परीक्षा रद्द कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में व्यापक स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं।

इस मामले में 14 अगस्त को पूर्व महाधिवक्ता एवं जेएसएससी सीजीएल रिजल्ट विवाद से जुड़े अधिवक्ता अजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा प्रक्रिया और जांच को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने केस डायरी का हवाला देते हुए जांच में सामने आए तथ्यों और अदालत के समक्ष दाखिल शपथ पत्र को लेकर भी सवाल खड़े किए थे।

अब जेएसएससी कार्यालय में सीआईडी की कार्रवाई के बाद परीक्षा की पूरी प्रक्रिया, संबंधित दस्तावेजों और कथित अनियमितताओं की जांच को लेकर उम्मीद बढ़ी है। हालांकि, परीक्षा में वास्तव में किस स्तर पर गड़बड़ी हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह सीआईडी की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

ज्ञातव्य है कि जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट विवाद के बाद अब जेएसएससी सीजीएल मामले में भी सीआईडी की सक्रियता बढ़ी है। ऐसे में जांच एजेंसी की यह कार्रवाई झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित