गिरिडीह , सितम्बर 12 -- झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी नियुक्ति घोटाले की जांच कर रही सीआईडी की कार्रवाई अब एक बार फिर राज्य के गिरिडीह जिले तक पहुंच गयी है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि मामले में सीआईडी ने गिरिडीह से जुड़े दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, बेंगाबाद क्षेत्र के चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

सीआईडी ने गुरुवार देर रात को कोडरमा से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया था, जिनमें गिरिडीह से जुड़ा एक व्यक्ति भी शामिल बताया जा रहा है। जांच एजेंसी परीक्षा में कथित सेटिंग और फर्जीवाड़े से जुड़े सुरागों के आधार पर गिरिडीह से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

ज्ञातव्य है कि जाँच के क्रम में ये सामने आया था कि इस पूरे प्रकरण का किंगपिन अभय तिवारी है, जिसकी ससुराल गिरिडीह के बेंगाबाद में है। कुछ दिनों पूर्व ही सीआईडी ने अभय तिवारी के ससुर को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की थी। हालाँकि अब जाँच काफी आगे बढ़ चुकी है और बेंगाबाद से एक सफल अभ्यर्थी समीर उर्फ़ शालू की गिरफ़्तारी भी हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि पूछ-ताछ में शालू ने जो राज उगले हैं, उनके आधार पर ही एक बार फिर बेंगाबाद क्षेत्र के ही चार लोगों को सीआईडी ने नोटिस थमाया है। हालाँकि इस मामले में गिरिडीह पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

फिलहाल सीआईडी की पूछताछ और आगे की जांच के बाद ही मामले में संदिग्धों की वास्तविक भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। इस फ़र्ज़ीवाड़े में गिरिडीह के कई लोगों की जान आफत में है। आने वाले समय में सीआईडी गिरिडीह ज़िले के कई सफल अभ्यर्थियों को जाँच में शामिल कर सकता है और इनमें से कुछ पर गाज भी गिर सकती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित