रांची , सितंबर 29 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी जेएसएससी- सीजीएल मामले की जांच कर रही सीआईडी को लेकर बड़ा सवाल खड़ा किया है।

श्री मरांडी ने कहा कि जेएसएससी- सीजीएल मामले में जिस तरह से सीआईडी की जांच सिर्फ अभ्यर्थियों और एजेंटों की गिरफ्तारी तक सीमित दिखाई दे रही है, उससे यही लगता है कि एक बार फिर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और बड़े साजिशकर्ताओं को बचाने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मित्र विनोद सिंह के पास सीजीएल के एडमिट कार्ड मिले थे, लेकिन सीआईडी ने उनसे पूछताछ तक नहीं की। गिरिडीह परीक्षा घोटाले का हॉटस्पॉट बनाकर उभरा है। वहाँ से कई लोगों की गिरफ्तारी हुई, लेकिन अब तक वहां के झामुमो नेताओं से कोई पूछताछ नहीं हुई।

श्री मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सोरेन जी भला यह कोई कैसे मान सकता है कि इतने बड़े घोटाले में सिर्फ अभ्यर्थी और एजेंट ही शामिल थे और एजेंट ही करोड़ों-अरबों का खेल कर गए? इस जांच पर छात्र कैसे विश्वास करेंगे कि सिर्फ अभ्यर्थी और एजेंट ही दोषी हैं जबकि आपका पूरा तंत्र दूध का धुला हुआ है।

हम नहीं कह रहे, लोग कह रहे हैं कि अनुराग गुप्ता आपके सारे काले कारनामों की चिट्ठी दबाए बैठे हैं। इसीलिए सीआईडी अनुराग गुप्ता, सुधीर गुप्ता, नीरज सिन्हा, मनोज कौशिक, प्रशांत कुमार और विनोद सिंह की भूमिका की जांच नहीं कर रही। प्रशांत कुमार और सुधीर गुप्ता पर कार्रवाई तो दूर पद पर बैठाये रखने की क्या मजबूरी है आपकी। कहीं ये लोग भी तो आपके राज़दार नहीं? भ्रमण के दरम्यान आमलोगों की इस जिज्ञासा से हम जैसे लोगों को रूबरू होना पड़ रहा है।

श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन जी, इस सीआईडी जांच पर तब तक कोई भरोसा नहीं करेगा, जब तक जांच की पहुंच केवल छोटे मोहरों तक नहीं बल्कि पूरे नेटवर्क और जिम्मेदार लोगों तक नहीं होगी। वरना जनता यही मानेगी कि यह जांच भ्रष्टाचार की जड़ तक पहुंचने के बजाय सिर्फ लीपापोती तक सीमित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित