जम्मू , जून 21 -- जम्मू नगर निगम (जेएमसी) शहर की चुनी हुई जगहों पर 'पिंक टॉयलेट' बनाने की योजना बना रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए साफ-सफाई और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ाना है।
गौरतलब है कि पिंक टॉयलेट खास तौर पर महिलाओं और बच्चों के लिए बनाये गये सार्वजनिक शौचालय होते हैं। अपने खास गुलाबी रंग से आसानी से पहचाने जा सकने वाले इन सुविधाओं का मकसद स्वच्छता, सुरक्षा और पहुंच को बेहतर बनाना है। जेएससी आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने यूनीवार्ता से बताया, "नगर निगम एक साफ-सुथरा शहर सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है।"उन्होंने कहा कि शहर में सार्वजनिक शौचालय का नेटवर्क बढ़ाने के बाद निगम अब पिंक टॉयलेट शुरू करने के प्रस्ताव पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, "योजना प्रक्रिया में है और हम सुविधाएं बढ़ाने के लिए उचित स्थानों की पहचान कर रहे हैं।"इस पिंक टॉयलेट की खास बात यह है कि इसमें सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, कचरा जलाने वाली मशीन, बच्चों के लिए डायपर बदलने के लिए दीवार पर बनी फोल्डिंग या टेबल और बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए देखभाल करने वाले सहायक जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं ताकि सही रख-रखाव और सुरक्षा सुनिश्चत हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित