जालंधर , जुलाई 24 -- जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नयी दिल्ली छात्रसंघ (जेएनयूएसयू) की निर्वाचित अध्यक्ष तथा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय नेता कॉमरेड अदिति 25 जुलाई को जालंधर पहुंचकर देश भगत यादगार में आयोजित वामपंथी दलों के धरना-प्रदर्शन को संबोधित करेंगी।

उनके साथ 23 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहे छात्र नेता आमीन अमितोज भी मौजूद रहेंगे।

भारतीय इंकलाबी मार्क्सवादी पार्टी (आरएमपीआई) की केंद्रीय समिति के सदस्य कॉमरेड महीपाल ने शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में बताया कि नयी दिल्ली में युवाओं और विद्यार्थियों पर कथित पुलिस कार्रवाई तथा हिंसा के विरोध में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन को वामपंथी दलों के वरिष्ठ नेता मंगत राम पासला, दर्शन खटकड़, परगट सिंह जामाराय, सुखदर्शन नत्त और किरणजीत सिंह सेखों भी संबोधित करेंगे।

प्रेस बयान के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन में विभिन्न जन संगठनों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रख्यात बुद्धिजीवियों और लेखकों के भी शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने बताया कि धरना 25 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे देश भगत यादगार, जालंधर में शुरू होगा। धरने के समापन के बाद उपायुक्त कार्यालय तक विरोध मार्च भी निकाला जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित