कानपुर , सितंबर 03 -- कानपुर नगर में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निरोधात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जूही खुर्द में डेंगू प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जबकि बाढ़ प्रभावित बिधनू ब्लॉक के मर्दनपुरवा गांव में सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां शुरू कराई गईं। जिले में डेंगू के पांच नए पुष्ट मरीज भी मिले हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहयोगी संस्था पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत के साथ जूही खुर्द क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान डेंगू के मामलों को लेकर की जा रही केस-बेस्ड गतिविधियों का जायजा लिया गया।
मलेरिया निरीक्षक सीमा गौतम के नेतृत्व में टीम द्वारा क्षेत्र में सोर्स रिडक्शन, लार्वीसाइडल स्प्रे, बुखार सर्वेक्षण, इनडोर स्पेस स्प्रे, आवश्यक जांच और जनजागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। नोडल अधिकारी ने डेंगू की रोकथाम के लिए सभी निरोधात्मक गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित मर्दनपुरवा गांव में बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया गया और वहां सोर्स रिडक्शन की गतिविधियां शुरू कराई गईं। आश्रय स्थल में रह रहे लोगों को मच्छरों से बचाव के उपायों और सोर्स रिडक्शन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। नगर निगम से समन्वय कर संबंधित क्षेत्रों में विशेष रूप से शाम के समय फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में गुरुवार को डेंगू के पांच नए पुष्ट मामले जूही खुर्द, पनकी, अफीमकोठी, गणेश नगर रावतपुर तथा गदनपुर चुरसा (बिल्हौर ब्लॉक) में मिले। संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी।
शहरी क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इनडोर स्पेस स्प्रे और नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे कराया गया। इसके साथ ही एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, लार्वानाशक छिड़काव और जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा लार्वा पनपने वाले संभावित स्थानों की नियमित सफाई करने की अपील की है। जलभराव वाले स्थानों पर विभागीय निर्देशों के अनुसार आवश्यक उपाय अपनाने, मच्छरों से बचाव के लिए प्राकृतिक मॉस्किटो रिपेलेंट क्रीम का इस्तेमाल करने और शरीर को अधिकांश हिस्से तक ढककर रखने की सलाह दी गई है।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 और 9335301096 संचालित हैं। वहीं नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम में 0512-2526004 और 0512-2526005 पर शिकायत या सूचना दी जा सकती है। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित विभागों की टीमें आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित