नयी दिल्ली , जुलाई 15 -- देश में जून महीने में बेरोजगारी की दर स्थिर रही है हालांकि शहरों में इसमें तेजी आयी है जबकि ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी घटी है।
सरकार द्वारा जारी जून के मासिक श्रम बल सर्वेक्षण में बताया गया है कि जून 2026 में देश में बेरोजगारी दर 5.5 प्रतिशत पर स्थिर रही जो जून 2025 के बाद का उच्चतम स्तर है। वहीं, शहरी इलाकों में बेरोजगारी की दर मई 2026 के 6.4 प्रतिशत से बढ़कर 6.6 प्रतिशत पर पहुंच गयी। ग्रामीण इलाकों में यह पांच प्रतिशत दर्ज की गयी जो मई के 5.1 प्रतिशत से कम है।
जून में खास बात यह रही कि महिलाओं की बेरोजगारी बढ़ी है। आंकड़ों के अनुसार, पूरे देश में पुरुषों की बेरोजगारी दर 5.4 प्रतिशत से घटकर 5.3 प्रतिशत रही। महिलाओं की बेरोजगारी दर 5.6 फीसदी से बढ़कर 5.9 फीसदी हो गयी है जो एक साल से अधिक का उच्चतम स्तर है। महिलाओं की बेरोजगारी शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में बढ़ी है। दूसरी तरफ, पुरुषों की बेरोजगारी दर शहरों में बढ़ी है जबकि ग्रामीण इलाकों में कम हुई है।
सर्वेक्षण में बताया गया है कि जनसंख्या के अनुपात में श्रम बल का अनुपात जून में 54.4 प्रतिशत पर स्थिर रहा। महिलाओं के मामले में इसमें कमी आयी है, यह मई के 32.8 प्रतिशत से घटकर 32.7 प्रतिशत रह गया है। श्रम बल अनुपात कुल आबादी में रोजगार प्राप्त और सक्रिय रूप रोजगार की तलाश में जुटे लोगों के प्रतिशत को दिखाता है।
वहीं जनसंख्या की तुलना में रोजगार प्राप्त लोगों का प्रतिशत यानी श्रमिक जनसंख्या अनुपात भी 51.4 पर लगभग स्थिर रहा। जून में 72.5 प्रतिशत पुरुष रोजगार-रत थे। मई में यह संख्या 72.5 प्रतिशत थी। महिलाओं के मामले में यह अनुपात मई के 31 प्रतिशत से घटकर 30.8 प्रतिशत रह गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित