गोरखपुर , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को नौकायन के जूनियर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने रामगढ़ताल आयेंगे और जूनियर नेशनल चौंपियनशिप के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि योगी रोइंग के दो फाइनल इवेंट देखने के बाद विजेताओं को पुरस्कृत कर संबोधन के जरिये सभी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। इसके पहले अक्टूबर 2024 में आयोजित सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में भी खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री का पाथेय प्राप्त हुआ था।

रामगढ़ताल को वाटर स्पोर्ट्स का राष्ट्रीय प्लेटफार्म बनाने का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है। विशाल ताल को निखारने के साथ ही उन्होंने इसके समीप 49 करोड़ रुपये की लागत वाले विश्व स्तरीय वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की भी सौगात दी है। इसका नतीजा है कि यहां एक के बाद एक रोइंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। यही नहीं, यहां एशियाड 2026 की तैयारी में जुटी रोइंग की राष्ट्रीय महिला टीम का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित