पटना , जून 01 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतकर इतिहास रचने वाले बिहार के एथलीट पियूष को बधाई देने के साथ भविष्य के लिए शुभकानाएं दी हैं।

पीयूष इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सोमवार को कहा कि पीयूष की यह उपलब्धि बिहार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और यह अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य के युवा खिलाड़ियों की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है।

पीयूष राज उस भारतीय टीम के सदस्य थे, जिसने हांगकांग में आयोजित 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुषों की 4x400 मीटर रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। भारतीय टीम ने 3 मिनट 05.54 सेकंड का समय लेकर नया मीट रिकॉर्ड बनाया और देश का गौरव बढ़ाया।

श्री चौधरी ने इस उपलब्धि को बिहार और देश दोनों के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पीयूष की सफलता बिहार के युवाओं की प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रतीक है। यह उपलब्धि नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीयूष राज भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार तथा भारत का मान-सम्मान बढ़ाते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पियूष की यह सफलता बयान करती है कि बिहार जैसे राज्यों से भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित