चंडीगढ़ , मार्च 20 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पीएसपीसीएल दफ्तर तलवंडी साबो, जिला बठिंडा में तैनात जूनियर इंजीनियर लखवीर सिंह को 14,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि उक्त आरोपी को तलवंडी साबो, जिला बठिंडा के एक निवासी द्वारा दर्ज करवायी गयी शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के पुत्र ने अपनी गाड़ी पार्क करते समय गली में स्थित बिजली के खंभे से टक्कर मार दी। गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी और खंभा भी टूट गया। आरोपी रेशम सिंह ए.एल.एम. और लखबीर सिंह जे.ई. मौके पर पहुंचे और कहा कि आपकी गाड़ी जब्त कर ली जाएगी। दोनों आरोपियों ने मामले को सुलझाने के लिए 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता के कहने पर वे 25,000 रुपये की बजाय 15,000 रुपये रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गये।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी जूनियर इंजीनियर को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 14,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके सह-आरोपी रेशम सिंह ए.एल.एम. को जल्द ही गिरफ्तार कर लियाजाएगा और इस मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित