श्रीगंगानगर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में सेंट्रल जेल में एक बंदी के पिता ने जूते के सोल में छुपाकर नशीली गोलियां और संदिग्ध सफेद पाउडर जेल के अंदर पहुंचाने की कोशिश की।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि क्वार्टर गार्ड कर्मचारियों की सतर्कता के कारण यह सामग्री जेल परिसर में प्रवेश करने से पहले ही बरामद कर ली गई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने पूरे परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें एक अन्य बंदी के कब्जे से भी भारी मात्रा में मेडिकल गोलियां बरामद हुईं।

कोतवाली पुलिस के अनुसार जेल कर्मी दीपचंद जाट ने शिकायत की कि बुधवार दोपहर बाद जेल में बंद विनयकुमार से मिलने के लिए उसका पिता गुलाबराम कुछ सामान लेकर आया। सामान में जूते की एक जोड़ी भी शामिल थी, जिसे उसने अपने पुत्र को देना था। जेल द्वार पर क्वार्टर गार्ड के कर्मचारियों ने सामान की जांच शुरू की तो जूते की जोड़ी पर संदेह हुआ। सोल खोलने पर उसमें तीन पारदर्शी पाउच बरामद हुए। इनमें से दो पाउच में करीब 190 खुली गोलियां और एक पाउच में काफी मात्रा में सफेद रंग का पाउडर मिला।

सूत्रों के मुताबिक गुलाबराम ये नशीली गोलियां और पाउडर मुलाकाती के रूप में अपने बेटे विनयकुमार को देने के लिए लाया था। क्वार्टर गार्ड की सतर्कता के कारण सामग्री जेल के अंदर नहीं पहुंच पाई। पुलिस ने सफेद पाउडर की प्रयोगशाला में जांच कराने की तैयारी कर ली है। पुलिस ने गुलाब राम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इस घटना के बाद जेल स्टाफ ने सभी बैरकों और वार्डों की तलाशी का अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बैरिक नंबर 17 के बंदी जगजीतसिंह उर्फ जग्गी के कब्जे से 180 मेडिकल गोलियां बरामद हुईं। आशंका है कि इनका इस्तेमाल भी नशे के रूप में किया जा रहा था। जगजीतसिंह के खिलाफ भी उसी धारा के तहत मामला दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित