मुंबई , जून 25 -- मनोरंजन के लिहाज से जुलाई 2026 बॉक्स ऑफिस के लिए साल के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण महीनों में से एक साबित हो सकता है। इस महीने पौराणिक कथा, सामाजिक मुद्दों, एक्शन, सुपरहीरो और कॉमेडी जैसी विभिन्न शैलियों की कई बहुप्रतीक्षित फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही हैं।

जुलाई की चर्चित फिल्मों में 'द इंडिया स्टोरी' प्रमुख है, जो 24 जुलाई को रिलीज होगी। चेतन डीके के निर्देशन में बनी यह फिल्म देश में खाद्य मिलावट जैसे गंभीर मुद्दे को कोर्टरूम और सोशल ड्रामा के माध्यम से प्रस्तुत करती है। फिल्म में काजल अग्रवाल, श्रेयस तलपड़े, मुरली शर्मा और मनीष वाधवा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

पौराणिक और फैंटेसी शैली की फिल्म 'नागबंधम' तीन जुलाई को रिलीज होगी। अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी इस पैन-इंडिया फिल्म में विराट कर्णा मुख्य भूमिका में हैं। हाल ही में रिलीज हुए इसके ट्रेलर को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

मार्वल के लोकप्रिय सुपरहीरो की वापसी कराने वाली हॉलीवुड फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे' 31 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी। शानदार विजुअल इफेक्ट्स, एक्शन और रोमांच के कारण यह फिल्म वैश्विक स्तर पर सबसे चर्चित रिलीज में शामिल है।

यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित फिल्म 'अल्फा' भी तीन जुलाई को रिलीज होगी। शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। बड़े पैमाने पर तैयार की गई यह एक्शन-थ्रिलर दर्शकों के बीच काफी चर्चा में है।

कॉमेडी फिल्मों के शौकीनों के लिए 'धमाल 4' 10 जुलाई को रिलीज होगी। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। लोकप्रिय 'धमाल' फ्रेंचाइजी की यह नई कड़ी दर्शकों को भरपूर मनोरंजन और हास्य का वादा करती है।

बड़े सितारों, विविध विषयों और अलग-अलग शैलियों की इन फिल्मों के कारण जुलाई 2026 को भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण महीना माना जा रहा है। फिल्म कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि इन फिल्मों का प्रदर्शन बॉक्स ऑफिस की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित