पटना , अगस्त 07 -- मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने पुलिस के सहयोग से जुलाई माह (01 से 31 जुलाई) में अवैध शराब के खिलाफ कुल 1,21,199 छापेमारी की है।छापेमारी में 11,586 मामले दर्ज किए गए तथा 13 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अभियान के दौरान 6,94,355 लीटर शराब जब्त की गई, जिसमें देसी और विदेशी दोनों प्रकार की शराब शामिल हैं। साथ ही एक हजार से अधिक वाहनों को भी जब्त किया गया। इनमें 809 दोपहिया एवं अन्य तिपहिया, चारपहिया वाहन, ट्रक भी शामिल हैं।
अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। विभाग ने शिकायतों के त्वरित निष्पादन, नियमित छापेमारी और सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया है। सुदूर क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि जलमार्गों पर मोटरबोट के जरिए भी नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित