भभुआ , नवंबर 03 -- बिहार के कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र में जुआ खेलने की सूचना पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया और इस दौरान गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को भी पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया गया।

इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और आसपास के थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मंगलवार को सूचना के अनुसार, दो नवंबर की देर रात चांद थाना पुलिस को थाना क्षेत्र में जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।

गिरफ्तार आरोपितों को थाने ले जाने के दौरान कुछ ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने आक्रोशित होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और पुलिस अभिरक्षा में लिए गए तीनों आरोपितों को छुड़ा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित