बेतिया , सितंबर 2 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पावर हाउस परिसर के समीप जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार के साथ उनके पास से 9,270 रुपये नकद बरामद किये हैं।
प्रभारी नगर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बुधवार को बताया कि नगर थाना के गश्ती दल को सूचना मिली थी कि पावर हाउस परिसर में कुछ लोग एकत्र होकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद नगर थाना पुलिस और त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) में शामिल पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरातफरी मच गयी। इस दौरान कुछ लोग मौके से फरार हो गये, जबकि पुलिस ने आठ लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 9,270 रुपये नकद बरामद किये गये।
गिरफ्तार लोगों की पहचान सत्यनारायण साह, तबरेज अहमद, श्याम महतो, आशीष राज मिश्रा, जयप्रकाश महतो, दीपक कुमार, मनोज कुमार और मो. सैफ के रूप में हुई है। सभी बेतिया नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों के निवासी बताये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित