चंडीगढ़ , अक्टूबर 09 -- चंडीगढ़ सरकारी बौद्धिक दिव्यांगजन पुनर्वास संस्थान (जीआरआईआईडी), चंडीगढ़ की ओर से विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इससे जुड़ी गलत धारणाओं और भेदभाव को दूर करना तथा सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जी आर आई आई डी के संयुक्त निदेशक डॉ. अजीत सिडाना ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस वर्ष की थीम 'अनुभवों को सुनें: वास्तविक आवाजें, वास्तविक बदलाव' के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े लोगों के अनुभवों को समझने और उन्हें महत्व देने का संदेश दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा दिव्यांग बच्चों, उनके परिवारों और समाज के अन्य वर्गों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने संस्थान को समुदाय के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने के लिए जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने और विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया, ताकि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े भ्रम और भेदभाव को कम किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित