उदयपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान में उदयपुर में पैसिफिक हास्पिटल, विनय क्रिकेट क्लब एव लीला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पिम्स मेवाड़ कप में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में जीसीए ने दिल्ली चौलेंजर्स की टीम को रोमांचक मुकाबले में तीन रन से परास्त कर दिया।

दिल्ली चौलेंजर्स टीम के आईपीएल खिलाड़ी दीपक हुडा की शतकीय पारी भी टीम को हार से नहीं बचा सकी।

फील्ड क्लब मैदान पर खेले गए मुकाबले में जीसीए की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 242 रन बनाए। इसमें सौरव चौहान ने 26 बॉल में 63, हर्षल ने 20 बॉल में 64 रन का योगदान दिया। रवि बिश्नोई ने पांच बॉल में 18 रन का योगदान दिया। दिल्ली चैलेंजर्स की टीम के प्रशांत भाटी ने तीन, यश चौधरी ने तीन विकेट झटके।

जवाब में दिल्ली चौलेंजर्स की टीम ने तेज शुरूआत दी। आईपीएल खिलाड़ी दीपक हुडा ने मात्र 43 बॉल पर छह छककों एवं 14 चौकों की मदद से 102 रन बनाए, लेकिन वे टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में असफल रहे। हर्षल ने तीन विकेट लिए।

इससे पहले सुबह खेले गए मुकाबले में बालाजी कंस्ट्रक्शन की टीम ने 18.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 110 रन बनाए। जवाब में उदयपुर लेक सिटी वॉरियर की टीम ने महिपाल लोमरोर की आतिशी 17 बॉल में सात छक्कों एवं दो चौकों की मदद से मात्र 8.5 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य अर्जित कर लिया। बालाजी कंस्ट्रक्शन की टीम के राहुल खंडेलवाल ने दो विकेट लिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित