कानपुर , अक्टूबर 19 -- जीशान अंसारी (पांच विकेट) और कप्तान आर्यन जुयाल (नाबाद 60) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले में मंगलवार को गोवा को 164 रन पर समेटने के बाद दूसरी पारी में स्टंप्स के समय चार विकेट पर 104 रन बना लिये है और उसकी कुल बढ़त 140 रनों की हो गई है।

आज सुबह बल्लेबाजी करने उतरी गोवा के लिए सुयश प्रभुदेसाई और शिवेंद्र भुजबल ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। 26वें ओवर में जीशान अंसारी ने सुयश प्रभुदेसाई (19) रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अंसारी ने 32वें ओवर में शिवेंद्र भुजबल (44) रन को भी अपना शिकार बना लिया। कप्तान अभिनव तेजराणा (26), यश कसवांकर (36) और दर्शन मिसाल (11) रन बनाकर आउट हुये। उत्तर प्रदेश के गेंदबाजी आक्रमण के आगे गोवा के शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। 62वें ओवर की तीसरी गेंद पर कार्तिक यादव ने शुभम तारी (चार) रन को आउट कर 164 रनों पर गोवा की पारी का अंत किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश को 38 रनों की बढ़त मिल गई।

उत्तर प्रदेश के लिए जीशान अंसारी ने पांच विकेट लिये। कार्तिक यादव और वंश चौधरी को दो-दो विकेट मिले। करण शर्मा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित