सोनीपत , जुलाई 15 -- हरियाणा में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अमृत काल जागरूकता अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जादूगर सम्राट शंकर 16 से 19 जुलाई तक जीवीएम गर्ल्स कॉलेज, मुरथल रोड में चार दिवसीय जादू शो प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन दो नि:शुल्क शो दोपहर बाद एक बजे और शाम सात बजे आयोजित किये जाएंगे।
मिनी सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सम्राट शंकर ने बताया कि 16 जुलाई को कार्यक्रम का उद्घाटन सोनीपत के विधायक निखिल मदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जादू केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता फैलाने का प्रभावी साधन भी है।
श्री शंकर ने बताया कि वर्ष 1974 से वे अपने जादू के माध्यम से अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और कन्या भ्रूण हत्या रोकने जैसे सामाजिक संदेश लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान कई आकर्षक जादुई करतब भी प्रस्तुत किये, जिन्हें देखकर उपस्थित पत्रकार मंत्रमुग्ध हो गये।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम ने जिले के लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इन नि:शुल्क कार्यक्रमों में पहुंचकर मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी ग्रहण करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित