पटना , अक्टूबर 12 -- िहार में जीविका की ओर से संचालित स्वास्थ्य सहायता केंद्र दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए मददगार साबित हो रहे हैं।जीविका की ओर से संचालित जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में आने वाले ग्रामीण परिवारों के मरीजों को चिकित्सा सहायता प्रदान की जाती है।

इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों (विशेषकर दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े लोगों) को जटिल प्रक्रियाओं के कारण होने वाली परेशानियों से बचाना और उन्हें समय पर उचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। वर्तमान समय में राज्य भर के विभिन्न सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में 45 जीविका स्वास्थ्य सहायता केंद्र का संचालन किया जा रहा है।

इसी के अंतर्गत अररिया जिले के सदर अस्पताल में जीविका एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल से संचालित जीविका 'स्वास्थ्य सहायता केन्द्र' जिले के ग्रामीण और दूर-दराज इलाके से आने वाली जीविका दीदियों के लिए बहुत ही मददगार साबित हो रहा है। इसकी शुरुआत तीन फरवरी 2023 को हुई। इस केन्द्र के द्वारा अब तक कई मरीजों की मदद की जा चुकी है। जीविका की ओर से संचालित यह हेल्प डेस्क दो शिफ्टों में कार्य करती हैं,जिसमें चार स्वास्थ्य मित्र कार्य कर रही हैं। ये जीविका स्वास्थ्य मित्र सुदूर इलाके से इलाज के लिए आने वाली जीविका दीदियों एवं इनके परिजनों को इलाज कराने में मदद करती हैं।

जीविका दीदियों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर- 6299127130 दिया गया है। इस पर कॉल कर स्वास्थ्य सेवा संबंधी जानकारी, अस्पताल में सुलभ पंजीकरण (पर्ची कटवाने) में सहयोग, मरीज को भर्ती करवाने में सहयोग, डॉक्टर से परामर्श लेने आदि में सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इस हेल्पडेस्क के बारे में समूह की बैठकों में भी चर्चा की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी हो सके। इस सेवा के शुरू होने से अब जीविका दीदियों को यहाँ-वहाँ नहीं भटकना पड़ता है और इससे उन्हें बेहतर इलाज करवाने में काफी मदद मिल रही है। जीविका दीदियों का कहना है कि हेल्प-डेस्क होने से वो अस्पताल आने से पहले ही सभी जानकारियां इस हेल्पलाइन पर कॉल कर ले लेती हैं,जिससे पैसों के साथ-साथ समय की भी बचत होती है। जिले के दूर-दराज गांवों से इलाज के लिए सदर अस्पताल आने वाली दूसरी जीविका दीदियों को भी जीविका एवं स्वास्थ्य विभाग की यह संयुक्त पहल काफी पसंद आ रही है। जीविका दीदियां इस पहल से काफी खुश हैं। यहां काम करने वाली स्वास्थ्य मित्र इलाज कराने आई जीविका दीदियों को फोन कॉल कर फॉलो अप भी करती रहती हैं, जिससे लोगों को पूरी मदद मिल सके। स्वास्थ्य मित्र दूर-दराज से आने वाले लोगों, जीविका दीदियों और उनके सगे-संबंधियों के लिए काफी मददगार साबित हो रही हैं। इसके माध्यम से एक बड़ी आबादी को इसका लाभ मिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित