गोपालगंज,29अगस्त(वार्ता)ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बिहार सरकार की पहल को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को गोपालगंज प्रखंड के भितभेरवा गांव में जीविका द्वारा संचालित जीविका सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने केंद्र का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों, बिक्री व्यवस्था एवं उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र के संचालन से जुड़े कर्मियों एवं जीविका दीदियों से भी बातचीत की।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जीविका सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने कहा कि गांव में ही दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध होने से पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि जीविका के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर विभिन्न आजीविका गतिविधियों में भाग ले रही हैं। दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन से जुड़ी महिलाओं के लिए ऐसे बिक्री केंद्र उनके उत्पादों को स्थानीय बाजार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

जीविका सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उत्पादित दूध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा। इससे महिलाओं में उद्यमिता की भावना मजबूत होगी और वे अपने परिवार की आर्थिक मजबूती में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।

भितभेरवा गांव में सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र के खुलने से स्थानीय लोगों में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें गांव में ही दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पाद उपलब्ध होने से सुविधा मिलेगी। वहीं, स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

ग्रामीणों ने कहा कि गांव में इस प्रकार की रोजगारपरक एवं जनोपयोगी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।

जिला पदाधिकारी ने केंद्र के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं जीविका कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र पर स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण उत्पाद, उचित रख-रखाव एवं उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।उन्होंने कहा कि केंद्र की सफलता के लिए उत्पाद की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। साथ ही, केंद्र के माध्यम से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादकों एवं जीविका दीदियों को लाभ पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित