पटना , अप्रैल 08 -- बिहार सरकार ने बच्चों के समग्र विकास, पोषण एवं समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को जीविका दीदियों के माध्यम से सिले हुए पोशाक उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत राज्य के आंगनवाड़ी केंद्रों में नामांकित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं एकरूप पोशाक उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे न केवल बच्चों में समानता की भावना विकसित होगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर आजीविका के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

यह पहल ग्रामीण विकास विभाग और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास का परिणाम है, जिसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियां स्थानीय स्तर पर पोशाक निर्माण का कार्य कर रही हैं। इसके तहत अबतक 10 लाख से अधिक पोशाक सेट का वितरण किया जा चुका है। जीविका की ओर से 1000 से अधिक संकुल स्तर से आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के लिये पोशाक की सिलाई का कार्य किया जा रहा है।

इस पहल के अंतर्गत हजारों महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्हें औसतन प्रति महिला 10,000 रुपये मासिक आमदनी हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित