पटना , मई 16 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि जीविका "दीदी की रसोई" में गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रसूता महिलाओं को भोजन नहीं मिल पा रहा है।

श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि प्रसव के बाद महिलाओं को पौष्टिक भोजन की आवश्यकता होती है, लेकिन राजग सरकार जच्चा-बच्चा की देखरेख में भी अनदेखी कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष श्री यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को नगद राशि देने की बातें करने वाली सरकार अब प्रसव के बाद महिलाओं को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के स्वास्थ्य की स्थिति चिंताजनक है और बड़ी संख्या में महिलाएं खून की कमी की समस्या से जूझ रही हैं।

राजद नेता ने कहा कि खुद को महिला हितैषी बताने वाली सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद राजग सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था और पोषण से जुड़े मूलभूत मुद्दों पर विफल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित