पटना , सितंबर 16 -- शिक्षा से वंचित रह गई महिलाओं को अपनी अधूरी पढ़ाई पूरी करने का अवसर देने के उद्देश्य से बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसई), जीविका, एजुकेट गर्ल्स और प्रथम की संयुक्त पहल शुरू की गयी है।

बिहार सरकार शिक्षा विभाग से जारी सूचना के अनुसार इसके तहत जीविका दीदियों को बीबीओएसई के माध्यम से 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इस संबंध में बीबीओएसई के वरीय कार्यपालक पदाधिकारी मानस मिलिंद ने सारण जिले के सोनपुर स्थित गोगल सिंह इंटर स्तरीय विद्यालय, नयागांव में जीविका की ओर से संचालित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकें, कंप्यूटर, इंटरनेट और समाचार पत्र जैसी उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और इसे जीविका दीदियों के मार्गदर्शन के लिए सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

श्री मिलिंद ने इसके बाद सिद्धि जीविका महिला विकास स्वावलम्बी सहकारी समिति, गोपालपुर, सोनपुर में जीविका दीदियों से संवाद किया। उन्होंने बीबीओएसई में नामांकन और परीक्षा की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद महिलाएं आगे की पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगी।

इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत कुमार और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) मीनू कुमारी से भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल के दौरान अधिकाधिक नामांकन और अध्ययन केंद्रों को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित