किशनगंज , मार्च 12 -- ीवका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने किशनगंज जिले के पोठिया स्थित टी प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग इकाई का निरीक्षण कर महानंदा लीफ चायपत्ती उत्पादन कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की। श्री शर्मा ने पिछले सीजन (अगस्त-दिसंबर 2025) में लगभग डेढ़ लाख किलो महानंदा लीफ चायपत्ती के उत्पादन पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि चायपत्ती की खेती और पत्तियों को तोड़ने के कार्य से जुड़ी किशनगंज की जीविका दीदियाँ अब टी फैक्ट्री का संचालन कर रही हैं जो कि अत्यंत प्रसन्नता और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस आगामी सीजन में दस लाख किलो महानंदा लीफ चायपत्ती उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
श्री शर्मा ने जीविका सीईओ ने टी प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग इकाई का संचालन कार्य देख रही महानंदा जीविका महिला एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लि. के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की जीविका दीदियों के साथ बैठक कर आगे की कार्य-योजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महानंदा लीफ चायपत्ती उत्पादन के लिए किसान जीविका दीदियों से चायपत्ती की खरीद, चायपत्ती उत्पादन, पैकेजिंग, मार्केटिंग, ब्रांडिंग इत्यादि पर रणनीति बनाकर, विशेष कार्य-योजना की रुपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने चायपत्ती की गुणवत्ता पर ध्यान देने का निर्देश देते हुए चायपत्ती की खेती से जुड़ी जीविका दीदियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देने की बात कही।
इस मौके पर जीविका की अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा कुमारी शर्मा ने भी इकाई के संचालन के लिये महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित