अजमेर , अगस्त 03 -- राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है और अजमेर भी विकास की इस रफ्तार में बराबर बढ़ रहा है।

श्री देवनानी सोमवार को यहां अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में ''स्पीकर हैल्प डेस्क'' के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सैकड़ों करोड़ रुपए से स्वास्थ्य सेवाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह मानवता की सेवा में अपना सर्वोत्तम योगदान दें। मानव सेवा को ही माधव सेवा कहा गया है। अजमेर उत्तर के विधायक होने के नाते पिछले 22 सालों में हमने प्रयास किया है कि किसी पीड़ित या जरूरतमंद को खाली नहीं लौटाया जाए। सबसे ज्यादा संख्या में लोग चिकित्सा संबंधी सहायता के लिए आकांक्षी होते हैं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष बनते ही उन्होंने ''स्पीकर हैल्प डेस्क'' शुरू कर लोगों को इतने बड़े अस्पताल में सही समय पर सही चिकित्सक के माध्यम से उपचार दिलाने का प्रयास किया। पिछले दो सालों में करीब 15 हजार लोगों को इस डेस्क से सहायता मिली है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सक भगवान का दूसरा रूप हैं, वे अपनी ड्यूटी और प्रेक्टिस के साथ ही पीड़ित मानवता की सेवा भी करें। उन्होने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. अरोड़ा का उदाहरण देते हुए कहा कि उनसे प्रेरणा लेकर अजमेर के डॉक्टर्स भी सेवा भाव सीखें। मरीज से व्यवहार और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क परामर्श और उपचार उन्हें मरीज व उनके परिजनों की दृष्टि में सदैव सम्मानीय बनाए रखता है।

श्री देवनानी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि वह सदैव स्वस्थ रहे ताकि जीवन की अंतिम सांस तक अजमेर के लोगों की सेवा करते रहे। उन्होंने सभी से पीड़ित मानवता की सेवा में सदैव जुटे रहने की अपील भी की।

इस अवसर पर भाजपा के शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि श्री देवनानी के नेतृत्व में सिर्फ चिकित्सा ही नहीं हर क्षेत्र में अजमेर आगे बढ़ रहा है और कतार में अंतिम व्यक्ति तक हम राहत पहुंचा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित